6 C
Innichen
Thursday, May 21, 2026

Buy now

La Liga में Barcelona का ‘परफेक्ट’ सीजन, घरेलू मैदान पर बनी 100% जीत वाली पहली Champion Team

Barcelona

बार्सिलोना ने 38 मैचों वाले ला लीगा सीजन में सभी घरेलू मुकाबले जीतकर इतिहास रच दिया है, जिससे वह रियल मैड्रिड के पुराने रिकॉर्ड को पार करने वाली पहली टीम बन गई है। कोच हंसी फ्लिक के नेतृत्व में टीम ने न केवल खिताब जीता बल्कि घरेलू मैदान पर पूरे सीजन अपराजेय रहकर अपनी श्रेष्ठता भी साबित की।

स्पेनिश फुटबॉल क्लब बार्सिलोना ने इस सीजन ला लीगा में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जिसे यूरोपीय फुटबॉल में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बार्सिलोना 38 मैचों वाले ला लीगा सीजन में अपने सभी घरेलू मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बन गई हैं। टीम ने अपने आखिरी होम मुकाबले में रियल बेटिस को 3-1 से हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

 

गौरतलब है कि इससे पहले ला लीगा इतिहास में कोई भी टीम पूरे सीजन में अपने सभी घरेलू मैच नहीं जीत सकी थी। 1985-86 सीजन में रियल मैड्रिड ने जरूर अपने सभी 17 घरेलू मुकाबले जीते थे, लेकिन उस समय लीग में कम मैच खेले जाते थे। वहीं बार्सिलोना ने 1959-60 सीजन में अपने 15 घरेलू मैच जीते थे।

 

इस बार हंसी फ्लिक की कोचिंग में बार्सिलोना ने शानदार प्रदर्शन किया हैं। टीम पहले ही रियल मैड्रिड को हराकर ला लीगा खिताब अपने नाम कर चुकी थी और अब घरेलू मैदान पर अजेय रहते हुए नया इतिहास भी रच दिया।

 

रियल बेटिस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी राफिन्या ने दो गोल दागे। उन्होंने मैच के 28वें मिनट में फ्री-किक के जरिए पहला गोल किया। इसके बाद दूसरे हाफ में रियल बेटिस के डिफेंडर हेक्टर बेलरिन की गलती का फायदा उठाते हुए उन्होंने अपना दूसरा गोल भी कर दिया।

 

हालांकि मुकाबले में रियल बेटिस को भी वापसी का मौका मिला जब गावी के फाउल पर टीम को पेनल्टी मिली। अनुभवी खिलाड़ी इस्को ने इस मौके को गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया। लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में जोआओ कान्सेलो ने करीब 20 गज की दूरी से शानदार गोल दागकर बार्सिलोना की जीत पक्की कर दी।

 

मौजूद जानकारी के अनुसार इस रिकॉर्ड की खास बात यह भी रही कि बार्सिलोना ने पूरे सीजन में एक ही मैदान पर अपने घरेलू मुकाबले नहीं खेले। कैंप नोउ स्टेडियम के नवीनीकरण कार्य के चलते टीम को एस्टाडी जोहान क्रूफ, बार्सिलोना ओलंपिक स्टेडियम और नए कैंप नोउ में मैच खेलने पड़े, लेकिन हर मैदान पर टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है।

 

बताया जा रहा है कि इस सीजन बार्सिलोना को घरेलू मैदान पर केवल दो हार मिलीं और दोनों चैंपियंस लीग में आईं। अक्टूबर में पेरिस सेंट जर्मेन और अप्रैल में एटलेटिको मैड्रिड ने उन्हें हराया था। हालांकि ला लीगा में टीम पूरे सीजन घर पर अजेय रही है।

 

विशेषज्ञों का मानना है कि हंसी फ्लिक के आने के बाद बार्सिलोना की टीम में आक्रामक खेल, तेज पासिंग और अनुशासन में बड़ा बदलाव देखने को मिला हैं। युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों के संतुलन ने इस सीजन क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version